सरायपाली//आयुष साहु 9926141516;
स्वर्गीय राजा विरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय, सारायपाली (जिला–महासमुंद, छत्तीसगढ़) में लोक शिक्षण कार्यक्रम (PEP) के अंतर्गत राज्य कार्यालय, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से महाविद्यालय के रोज़गार मार्गदर्शन प्रकोष्ठ एवं उद्यमिता प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में विविध शैक्षणिक एवं बौद्धिक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलित कर किया गया ।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में निबंध प्रतियोगिता, वाद–विवाद प्रतियोगिता तथा एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
दिनांक 21 जनवरी 2026 को “खादी और आत्मनिर्भर भारत” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खादी के महत्व, स्वदेशी भावना एवं आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा के प्रति जागरूकता विकसित करना था। विद्यार्थियों ने अपने विचार गहन अध्ययन एवं सृजनात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किए।
दिनांक 22 जनवरी 2026 को “आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए खादी आवश्यक है” विषय पर वाद–विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में पक्ष एवं विपक्ष दोनों ओर से विद्यार्थियों ने प्रभावशाली एवं तर्कसंगत विचार रखे, जिससे बौद्धिक विमर्श का वातावरण बना।
निबंध एवं वाद–विवाद प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः
₹2500, ₹1500 एवं ₹1000 मूल्य की खादी सामग्री एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर पुरस्कार स्वरूप सम्मानित किया गया। निबंध लेखन में प्रथम स्थान कु भूमिसुता वैष्णव, द्वितीय स्थान त्रिभुवन स्वामी जायसवाल, एवं तृतीय पुरस्कार कु लाजवंती साहू ने प्राप्त किया ।वाद विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्री सूरज कन्हेर, द्वितीय स्थान कु निकिता भोई, तृतीय स्थान श्री डिग्रीलाल मिरी ने प्राप्त किया ।विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं प्रेरणा देखने को मिली।
दिनांक 23 जनवरी 2026 को आयोजित एक दिवसीय सेमिनार में खादी एवं ग्रामोद्योग के माध्यम से रोजगार के अवसर, स्वरोजगार, उद्यमिता विकास तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में खादी की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रत्येक कार्यक्रम खादी ग्रामोद्योग आयोग रायपुर से आए प्रसार प्रचार भारती के श्री प्रकाश भोयर के नेतृत्व मे आयोजित हुआ ।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ संध्या भोई द्वारा स्वागत भाषण दिया गया ।पश्चात वक्ता के रूप में श्री शशिकांत शुक्ल (जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र जिला- महासमुंद),श्री ओमप्रकाश पटेल, भुवनेश्वर दड़सेना, श्री रजत अग्रवाल उपस्थित रहे ।खादी ग्रामोद्योग आयोग से आए विभिन्न वक्ताओं ने विद्यार्थियों को खादी अपनाने एवं उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रमों की सफलता में प्राध्यापकों, आयोजक समितियों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। महाविद्यालय परिवार ने खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के रोजगारोन्मुख एवं व्यक्तित्व विकास हेतु अत्यंत उपयोगी बताया।


















Leave a Reply