सरायपाली//आयूष साहु 9926141516;
आगामी 25 जनवरी 2026 को सरस्वती शिशु मंदिर, सरायपाली में आयोजित होने वाले भूतपूर्व छात्र सम्मेलन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से प्रारंभ हो गई हैं। इसी क्रम में भूतपूर्व छात्र संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में आयोजित की गई, जिसमें सम्मेलन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई और विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा भूतपूर्व छात्रों के बीच आपसी समन्वय और सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। चर्चा के दौरान यह निर्णय लिया गया कि सम्मेलन में स्वागत उद्बोधन के साथ-साथ कार्यक्रम की अध्यक्षता करने वाले अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा प्रेरणादायक उद्बोधन दिए जाएंगे। इस अवसर पर विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में सेवा, व्यापार एवं अन्य व्यवसायों में कार्यरत भूतपूर्व छात्र अपने अनुभव साझा करेंगे, जिससे उपस्थित कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और प्रेरणा मिलेगी।
सम्मेलन में विद्यार्थियों की सहभागिता को बढ़ाने के उद्देश्य से सुझाव पेटी रखने का भी निर्णय लिया गया है। इसमें विद्यार्थी विद्यालय के विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा भूतपूर्व छात्रों के हित में अपने सुझाव लिखकर डाल सकेंगे। इन सुझावों को आगामी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने में उपयोग किया जाएगा। बैठक में इस बात पर भी चर्चा की गई कि कक्षा 12वीं के बाद विद्यार्थियों के सामने उच्च शिक्षा एवं करियर के कई विकल्प होते हैं, लेकिन सही जानकारी के अभाव में वे भ्रम की स्थिति में रहते हैं। भूतपूर्व छात्र सम्मेलन के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत पूर्व छात्र अपने अनुभव साझा कर विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान करेंगे और उन्हें उनकी रुचि के अनुसार करियर चुनने के लिए प्रेरित करेंगे। यह सम्मेलन विशेष रूप से कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक और प्रेरणादायक सिद्ध होगा।
सम्मेलन को केवल औपचारिक न रखते हुए मनोरंजक एवं सहभागितामूलक बनाने का भी निर्णय लिया गया। इसके तहत जलेबी दौड़, खो-खो, चम्मच में कंचा रखकर दौड़, बोरा दौड़ सहित विभिन्न रोचक खेलों का आयोजन किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और जीवंतता बनी रहे।
बैठक में विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश प्रधान ने सम्मेलन को विद्यालय और भूतपूर्व छात्रों के बीच एक मजबूत सेतु बताया और इसे सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। बैठक में धर्मेंद्र चौधरी, प्रकाश पटेल, भरत अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, बसंत अग्रवाल, रामकुमार पटेल सहित अन्य भूतपूर्व छात्र उपस्थित रहे।













Leave a Reply