prakhamedia.com

नई सोच नया जुनून

महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सिंघोड़ा में 312 किलो गांजा जब्त, अंतरराज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार।

ओडिशा से मुंबई जा रहा था 1.56 करोड़ का गांजा, महासमुंद पुलिस ने ट्रक सहित तस्करों को दबोचा

ओडिशा से मुंबई जा रहा था 1.56 करोड़ का गांजा, एनएच-53 पर ट्रक पकड़कर पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

आयुष साहू 9926141516:

जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ महासमुंद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना सिंघोड़ा क्षेत्र में एनएच-53 पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 312.590 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 56 लाख 34 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

इस मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनएच-53 पर रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद ट्रक क्रमांक KA-13 D-7710 वहां पहुंचा, जिसे रोककर जांच की गई।ट्रक में बैठे दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम इम्तियाज खान (48 वर्ष) निवासी मैसूर, कर्नाटक और रवि प्रकाश राउतकर (45 वर्ष) निवासी बालाघाट, मध्यप्रदेश बताया।

जब ट्रक के डाले में रखी बोरियों की जांच की गई तो उसमें 312.590 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि यह गांजा ओडिशा के सोनपुर जिले से मुंबई (महाराष्ट्र) ले जाया जा रहा था, जहां इसे खपाने की योजना थी।पुलिस ने मौके से 312.590 किलो गांजा, गांजा परिवहन में प्रयुक्त ट्रक (कीमत लगभग 15 लाख रुपये) और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 71 लाख 42 हजार 500 रुपये बताई गई है।पुलिस ने आगे की जांच करते हुए इस मामले से जुड़े तीन अन्य थोक खरीदारों को भी 12 घंटे के भीतर ओडिशा के बरहमपुर से गिरफ्तार किया है।

इनमें जियाउल हक निवासी बालाघाट (मध्यप्रदेश), नदीम अंसारी निवासी शामली (उत्तरप्रदेश) और सुखविंदर उर्फ बुलबुल निवासी जम्मू (जम्मू-कश्मीर) शामिल हैं।पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।पुलिस ने बताया कि पिछले तीन महीनों में जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ 68 प्रकरण दर्ज कर 4681.110 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है और 181 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 49 आरोपी छत्तीसगढ़ के और 132 अन्य राज्यों के हैं।पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *