prakhamedia.com

नई सोच नया जुनून

53वां श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव धूमधाम से सम्पन्न, निकली भव्य निशान यात्रा

आयुष साहू 9926141516:

सरायपाली शहर के वार्ड क्रमांक 06, अग्रवाल धर्मशाला के पास स्थित श्री श्याम दरबार में फाल्गुन माह के पावन अवसर पर 53वां श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया।

फाल्गुन मास की शुक्ल पक्ष की एकादशी के दिन श्री श्याम प्रभु के भक्तों द्वारा भव्य निशान यात्रा एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया।प्रातःकाल मंगला आरती के पश्चात श्री श्याम बाबा का गुलाब, सेवंती, ऑर्किड, गेंदा एवं तुलसी आदि पुष्पों से भव्य एवं मनमोहक राजसी श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर श्री श्याम प्रभु के नयनाभिराम स्वरूप के दर्शन हेतु भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

श्री श्याम दरबार को फूलों, और मालाओं से विशेष रूप से सजाया गया था। इत्र की सुगंध से पूरा प्रांगण भक्तिमय वातावरण में महक उठा।निशान यात्रा संध्या 5 बजे श्री अनिल मूलचंद अग्रवाल के निवास स्थान (विनायक विहार कॉलोनी, बस्ती सरायपाली) से प्रारंभ हुई। यात्रा में वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे हाथों में बाबा का निशान और गुलाल लिए भजन गाते एवं होली खेलते हुए शामिल हुए। “जय श्री श्याम” के जयघोष से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।निशान यात्रा बस स्टैंड,उड़िया पारा चौक एवं अग्रसेन चौक होते हुए श्री श्याम दरबार पहुंची।

रात्रि में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय प्रसिद्ध भजन गायक मोहन कुमार शर्मा, दीपक शर्मा एवं अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर झूमते रहे।

द्वादशी के दिन सवामणी भोग अर्पित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने श्याम प्रभु का प्रसाद ग्रहण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *