prakhamedia.com

नई सोच नया जुनून

समर कैंप 2026 का भव्य समापन: विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता ने जीता सभी का दिल

आयुष साहू 9926141516:

सरायपाली पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला झिलमिला में आयोजित दस दिवसीय समर कैंप 2026 का समापन समारोह उत्साह, उमंग और रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच संपन्न हुआ। अंतिम दिवस पर पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं कौशल आधारित गतिविधियों का सफल संचालन किया गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथियों के रूप में हेमंत प्रधान (उपाध्यक्ष, नगर पालिका परिषद एवं वार्ड पार्षद झिलमिला), रेखराज शर्मा (जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा महासमुंद), अख्तर मेमन (जनप्रतिनिधि, झिलमिला), संपा बोस (एपीसी, समग्र शिक्षा महासमुंद), परीक्षित बारीक (अध्यक्ष, एमसी पीएम झिलमिला) तथा देवानंद नायक (बीआरसी, सरायपाली) की गरिमामयी उपस्थिति रही।छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित विद्यार्थियों ने तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। संस्था प्रमुख श्री सोमदेव तिवारी ने अतिथियों को गमले में पौधे भेंट कर अभिनंदन किया।

मुख्य द्वार पर योग शिक्षक के मार्गदर्शन में तैयार पीटी एवं बैंड दल की शानदार प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। इसके पश्चात बच्चों ने सांकेतिक भाषा में ‘गुड मॉर्निंग’ संदेश प्रस्तुत कर सभी का स्वागत किया।भाषाई कौशल विकास गतिविधि के अंतर्गत कक्षा पहली के विद्यार्थियों ने अपने सीखने का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वहीं कक्षा दूसरी एवं तीसरी के विद्यार्थियों ने गणितीय कौशल का परिचय देते हुए मौखिक प्रश्नों के त्वरित उत्तर देकर उपस्थित जनों को प्रभावित किया।सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कुमारी अलका कर द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की मधुर प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बालिकाओं ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत आधारित ‘चल संगी स्कूल जागो’ की धुन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।

योगासन प्रदर्शन में बच्चों ने पद्मासन, कमल मीनार सहित विभिन्न आसनों का सहज एवं आकर्षक प्रदर्शन किया।अपने उद्बोधन में अतिथियों ने दस दिवसीय समर कैंप की गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने इन गतिविधियों को पूरे शैक्षणिक सत्र में निरंतर संचालित करने के सुझाव भी दिए। साथ ही समर कैंप में समय और सेवा प्रदान करने वाले शिक्षकों के योगदान की प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रमुख सोमदेव तिवारी ने समर कैंप के सफल आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी व्यक्तियों, अतिथियों, शिक्षकों, पालकों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। स्वल्पाहार के पश्चात कार्यक्रम का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *