prakhamedia.com

नई सोच नया जुनून

स्व राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव का भव्य शुभारंभ

आयुष साहु 9926141516:

प्रथम दिवस सम्मान, संस्कृति और स्नेह का अविस्मरणीय उत्सव ज्ञान, प्रतिभा और उत्साह के अद्भुत संगम के साथ स्व राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव समारोह का प्रथम दिवस अत्यंत गरिमामय एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सुसज्जित मंच, तालियों की गूंज और विद्यार्थियों के उत्साह ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं राज्य गीत से हुआ, जिसने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और राष्ट्रगौरव से आलोकित कर दिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती चातुरी नंद की गरिमामयी उपस्थिति रही तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. संध्या भोई ने की।

प्राचार्य डॉ. संध्या भोई ने अध्यक्षीय उद्बोधन एवं वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, सांस्कृतिक सक्रियता और क्रीड़ा उपलब्धियों का प्रभावशाली विवरण दिया। उन्होंने विद्यार्थियों की निरंतर प्रगति और अनुशासन की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्रसंघ अध्यक्ष भूमिसूता वैष्णव ने मांग प्रतिवेदन प्रस्तुत कर छात्रहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को सशक्त स्वर प्रदान किया। मुख्य अतिथि श्रीमती चातुरी नंद ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि “युवा शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक पूंजी है।” उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं तथा क्रीड़ा विभाग द्वारा राज्य, सेक्टर एवं महाविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करते समय विद्यार्थियों की चमकती आंखें और मुस्कानें समारोह की सफलता का प्रमाण बन गईं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रंग-बिरंगी वेशभूषा, लयबद्ध ताल और सजीव अभिनय ने कार्यक्रम को जीवंत और आकर्षक बना दिया। समारोह में विधायक प्रतिनिधि श्री भरत मेश्राम, श्री गोलू पटेल, श्री सुरेश भोई, श्री एस.के. पसायत, श्रीमती कोटक, श्री अर्जुन कुजूर, श्री बुद्धेश्वर दास तथा सांसद प्रतिनिधि श्री अविनाश सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। महाविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का पूर्ण सहयोग आयोजन की सफलता का आधार बना ।

कार्यक्रम का सुसंचालन डॉ. चंद्रिका चौधरी, सहायक प्राध्यापक हिंदी द्वारा प्रभावी शैली में किया गया तथा आभार प्रदर्शन श्री एम.एन. सिदार, सहायक प्राध्यापक भूगोल ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *