सरायपाली//आयुष साहू 9926141516;
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड सरायपाली शहर वितरण केन्द्र द्वारा राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का भव्य आयोजन श्रीमती लक्ष्मी पटेल अध्यक्ष जनपद पंचायत सरायपाली के मुख्य आतिथ्य और श्री हेमंत प्रधान उपाध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरायपाली की अध्यक्षता एवं श्री मुकेश चौधरी उपाध्यक्ष जनपद पंचायत सरायपाली की गरिमामय उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर कंपनी की अब तक की उपलब्धियों, विद्युत सेवा के विस्तार और उपभोक्ताओं के सहभागिता को भी विशेष रूप से सराहा गया।
महोत्सव के दौरान बी.पी.एल कनेक्शन के मानक अनुरूप खपत वाले उपभोक्ताओं, दो साल से नियमित भुगतान करने वाले घरेलू गैर-घरेलू और कृषक उपभोक्ता तथा पी.एम. सूर्य घर योजना के प्रथम पांच लाभार्थी को प्रशस्ति प्रत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि महोदया द्वारा विद्युत के क्षेत्र में किये जा रहे नित नये प्रगति की प्रशंसा करते हुए वर्तमान में शासन द्वारा पी.एम.सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर प्लांट स्थापना हेतु दी जा रही सब्सिडी का लाभ अधिकाधिक संख्या में लेने हेतु आम जनता से आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री हेमंत प्रधान उपाध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरायपाली द्वारा नगर में विद्युत विकास के क्षेत्र में किये गये कार्यों की प्रशंसा करते हुए विद्युत विभाग को निरंतर अच्छे कार्य करने हेतु धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आम जनों को विभागीय योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेकर विद्युत विकास में सहभागी होने हेतु कहा। श्री मुकेश चौधरी उपाध्यक्ष जनपद पंचायत सरायपाली द्वारा विद्युत कर्मचारियों द्वारा की जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए और अधिक तल्लीनता से कार्य करने हेतु कहा। इस अवसर पर सरायपाली विद्युत संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री टी. के. पटेल ने सरायपाली शहर क्षेत्र में विद्युत विकास के संबंध में बताते हुए पूर्व में एकमात्र पॉवर ट्रांसफार्मर से वर्तनान में 5 नग पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापित होने एवं कुछ वितरण ट्रांसफार्मरों से वर्तमान में लगभग 250 ट्रांसफार्मर स्थापित होने की जानकारी दी। उन्होंने आगे बताते हुए कहा कि बीते 25 वर्षों में कंपनी ने ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक विद्युत आपूर्ति का व्यापक विस्तार किया है तथा उपभोक्ता सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निरंतर प्रयास किये हैं। श्री पटेल ने कृषक जीवन ज्योति योजना, एकल बत्ती योजना, पी.एम. सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं विभाग द्वारा उपभोक्ता समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु लांच किये गये मोर बिजली मोबाईल एप्प के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
महोत्सव के दौरान कंपनी के विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत पहुंच, स्मार्ट मीटर संबंधी नई तकनीकों की जानकारी दी गई. साथ ही पी.एम. सूर्य घर योजना का विशेष स्टॉल लगाया गया था जहां वेंडर के माध्यम से मौके पर ही योजना की समस्त जानकारी उपलब्ध करायी गयी। कार्यक्रम में मंच संचालन श्री परमेश्वर ठाकुर द्वारा किया गया, आभार प्रदर्शन श्री मुकेश नेताम कनिष्ठ अभियंता सरायपाली शहर के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में उपभोक्ता तथा आम जनता उपस्थित रहे।
अलग-अलग तिथियों में होगा कार्यक्रमः-
सरायपाली संभाग अंतर्गत छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव दिनांक 31.01.2026 को सरायपाली ग्रामीण कार्यालय अंतर्गत ग्राम अर्जुण्डा में सबस्टेशन के पास, सागरपाली कार्यालय अंतर्गत ग्राम पंचायत भवन सागरपाली तथा बसना ग्रामीण कार्यालय अंतर्गत ग्राम जगदीशपुर में आयोजित किया गया है। इसी प्रकार दिनांक 02.02.2026 को संभागीय कार्यालय परिसर सरायपाली, बलौदा कार्यालय परिसर, छुईपाली (सिघोड़ा) कार्यालय परिसर, पिरदा बाजार पड़ाव एवं गढ़फुलझर कार्यालय परिसर में तथा दिनांक 03.02.
2026 को पाटसेन्द्री कार्यालय अंतर्गत ग्राम नवरंगपुर तथा पथरला ग्राम पंचायत परिसर में आयोजित किया जायेगा।
कार्यपालन अभियंता श्री टी. के पटेल ने क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें एवं सूर्य घर योजना का संपूर्ण जानकारी प्राप्त कर, पंजीयन करा लाभ उठावें। उन्होंने बताया कि यह पहल विभाग और उपभोक्ताओं के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।













Leave a Reply