आयुष साहू 9926141516:
क्षेत्र में लगातार बढ़ती गर्मी के बावजूद आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में अब तक कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे पालकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। केंद्र सुबह 9.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक चल रहे हैं, जिससे छोटे बच्चों को तेज धूप, गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने 13 मार्च से स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। पहले कक्षा पहली से 11वीं तक के स्कूल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलते थे, जिन्हें अब सुबह 7.30 बजे से 11.30 बजे तक कर दिया गया है। 3 से 6 वर्ष के आंगनबाड़ी बच्चों के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
दोपहर में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। ऐसे में छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। डॉक्टर भी बच्चों को तेज धूप से बचाने और ठंडी जगह पर रखने की सलाह देते हैं, लेकिन वर्तमान समय के कारण बच्चे धूप में घर लौटने को मजबूर हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतर बच्चे आंगनबाड़ी केंद्रों में ही प्रारंभिक शिक्षा लेते हैं। वहीं, केंद्रों में ठंडक और जरूरी सुविधाओं की कमी से स्थिति और गंभीर हो रही है। इस कारण पालकों और कार्यकर्ताओं ने समय में जल्द बदलाव की मांग की है। इस संबंध में परियोजना अधिकारी राम सिंह मिरी ने बताया कि 1 अप्रैल से आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव किया जाएगा। तब तक वर्तमान समय-सारणी यथावत रहेगी।











Leave a Reply