prakhamedia.com

नई सोच नया जुनून

बच्चा चोर की आशंका में व्यक्ति को ग्रामीणों ने बनाया बंधक, कई आधार कार्ड और कपड़ों पर बच्चे का नाम लिखे मिलने से बढ़ा शक

आयुष साहू 9926141516

महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संतपाली में बच्चा चोर की आशंका में ग्रामीणों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर बंधक बना लिया। बताया जा रहा है कि व्यक्ति भीख मांगते हुए गांव में घूम रहा था, तभी ग्रामीणों को उस पर संदेह हुआ और पूछताछ शुरू की गई।

जानकारी के अनुसार इन दिनों क्षेत्र में बच्चा चोर की अफवाह का माहौल बना हुआ है। होली के दिन ग्राम कनकेबा में हुई घटना को भी शुरुआत में इसी नजर से देखा जा रहा था, जब तक कि लापता नाबालिग का शव बरामद नहीं हुआ था। इसी कारण ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है।ग्राम संतपाली के सरपंच लिलीत साहू ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति अपना सही नाम-पता नहीं बता पा रहा है।

पूछताछ के दौरान वह कभी खुशरुपाली, कभी कनकेबा तो कभी पतेरापाली का नाम बता रहा था। तलाशी लेने पर उसके पास से कई आधार कार्ड और कुछ कपड़े मिले हैं, जिन पर एक बच्चे का नाम लिखा हुआ है, जिससे ग्रामीणों का शक और गहरा गया।ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सरायपाली थाना पुलिस को दे दी है।

वहीं मामले में सरायपाली थाना प्रभारी नितेश सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली है, जिसके बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि संदिग्ध व्यक्ति कौन है और क्या वह किसी अपराध में संलिप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *