prakhamedia.com

नई सोच नया जुनून

महाविद्यालय में स्वीप कार्यक्रम का आयोजन, विद्यार्थियों को मतदाता बनने की प्रक्रिया की दी गई विस्तृत जानकारी

सरायपाली//प्रखर मीडिया;

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महासमुंद के निर्देशानुसार स्वर्गीय राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय, सरायपाली में स्वीप (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने तथा मतदान की प्रक्रिया से अवगत कराना था। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या भोई के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान नोडल अधिकारी प्राध्यापक यू.के. बरिहा के मार्गदर्शन में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. झरना साव, अनिल ताण्डी, महेश प्रधान एवं पीतांबर बाघ द्वारा छात्र-छात्राओं को मतदाता बनने की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया तथा मतदान के महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किस प्रकार निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या भोई ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता को निर्भीक होकर बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए तथा धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय, भाषा या अन्य किसी भी आधार पर प्रभावित नहीं होना चाहिए।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने का आह्वान करते हुए कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी है, जिससे राष्ट्र के विकास और सशक्त लोकतंत्र की नींव मजबूत होती है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी एवं कर्मचारी एवं अविनाश सिंह (भूतपूर्व छात्र एवं सांसद प्रतिनिधि) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की और मतदाता बनने की प्रक्रिया के प्रति रुचि दिखाई। स्वीप कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा उन्हें अपने संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *