prakhamedia.com

नई सोच नया जुनून

संत चार्ल्स विद्यालय में सड़क सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम

व्यवहारिक उदाहरणों के साथ छात्रों को समझाए गए यातायात नियम

सरायपाली//आयुष साहू 9926141516;

संत चार्ल्स विद्यालय बसना में बीएटीएल आरंग टोल प्लाजा कंपनी के आरपीओ विजय कुमार बाग एवं उनकी टीम के द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रारंभिक अवस्था से ही यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील बनाना तथा उन्हें सुरक्षित यात्री और जिम्मेदार नागरिक के रूप में यातायात की विस्तृत समझ विकसित करना था।आरपीओ विजय कुमार बाग ने सरल एवं छात्रों की समझ के अनुरूप शैली में यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क केवल वाहनों के चलने का स्थान नहीं है, बल्कि यह एक दूसरे की सुरक्षा हेतु सभी नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है, इसलिए हर व्यक्ति को नियमों का पालन करना चाहिए।

इसी तरह चारपहिया वाहन में बैठते समय सीट बेल्ट लगाना आवश्यक है, जिससे दुर्घटना की स्थिति में शरीर को सुरक्षित रखा जा सके। छात्रों को यह भी समझाया गया कि वाहन की गति हमेशा निर्धारित सीमा में ही रखें, क्योंकि अधिक गति वाहनों के अनियंत्रित होने से दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनती है। टीम द्वारा बताया गया कि सड़क पर कभी भी रांग साइड वाहन नहीं चलाना चाहिए क्योंकि इससे आमने-सामने वाहनों के टक्कर की संभावना बढ़ जाती है। विद्यार्थियों को यह भी सिखाया गया कि ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे वाहनों की दूरी का सही आकलन करें तथा बिना आवश्यकता के ओवरटेक न करें।मोबाइल फोन के उपयोग पर विशेष जोर देते हुए बताया गया कि वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करना या मैसेज देखना अत्यंत खतरनाक है, क्योंकि इससे ध्यान भटकता है और दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। पैदल चलने वाले छात्रों को जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करने, सड़क के बाईं ओर चलने, तथा तेज रफ्तार वाहनों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई।

साथ ही ट्रैफिक सिग्नल के तीनों रंगों लाल, पीला और हरा के महत्व को विस्तार से समझाते हुए बताया गया कि लाल का अर्थ रुकना, पीले का अर्थ सावधानी और हरे का अर्थ आगे बढ़ना है। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि नशे की हालत में वाहन चलाना कानूनन अपराध है और यह स्वयं तथा दूसरों के जीवन के लिए गंभीर खतरा है। इसके अतिरिक्त छात्रों को आपातकालीन स्थिति में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एनएचएआई की एंबुलेंस सेवा 1033 नंबर पर कॉल करने की जानकारी भी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *