आयुष साहू 9926141516
छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की पहल पर गुड़िया/गुड़ीया समाज को राज्य की अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की केंद्रीय सूची में शामिल किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। इसी क्रम में आयोग से सहायक अनुसंधान अधिकारी श्रीमती अनिता डेकाड़े 12 मार्च को सरायपाली विकासखंड के ग्राम बालसी पहुंचीं, जहां उन्होंने समाज के लोगों से विस्तृत जानकारी एकत्रित करते हुए क्षेत्रीय अध्ययन एवं अनुसंधान कार्य संपन्न किया।
ग्राम बालसी में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में गुड़िया समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। समाज के अध्यक्ष प्रहलाद साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में राजकुमार साहू, सुनील साहू, दिनेश साहू, पंकज साहू, प्रताप रुद्र साहू, किशोर साहू, दया साहू, चक्र साहू सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान एक संक्षिप्त सभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें अध्यक्ष प्रहलाद साहू ने संचालन करते हुए समाज की वर्तमान स्थिति, पारंपरिक व्यवसाय, सामाजिक संरचना एवं शैक्षणिक-आर्थिक परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि गुड़िया समाज लंबे समय से अपनी सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए संघर्षरत है तथा OBC केंद्रीय सूची में शामिल होना समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।श्रीमती अनिता डेकाड़े ने इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित करते हुए उनके जीवन स्तर, शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक चुनौतियों से संबंधित तथ्यों का गहन अध्ययन किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि संकलित आंकड़ों एवं तथ्यों के आधार पर आयोग को विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे समाज को उचित न्याय मिल सके।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने एक स्वर में अपनी मांग को रखते हुए शासन-प्रशासन से अपेक्षा जताई कि गुड़िया समाज को शीघ्र ही अन्य पिछड़ा वर्ग की केंद्रीय सूची में शामिल कर उनके अधिकारों को सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर पूरे ग्राम में उत्साह का माहौल देखने को मिला। समाज के लोगों ने एकजुटता का परिचय देते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता दिखाई और आयोग के इस प्रयास की सराहना की।













Leave a Reply